बिहार में भूमाफिया ने एक तालाब को गायब कर दिया
बिहार के दरभंगा में भूमाफिया ने आबादी के बीच स्थित तालाब पर न सिर्फ कब्जा कर लिया, बल्कि रातों-रात तालाब को ही गायब कर दिया। सुबह लोगों को तालाब की जगह एक झोपड़ी नजर आई। ऐसा तालाब पर कब्जे की नीयत से किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की कोशिश पहले भी हुई थी, तब भूमाफिया के उपकरण जब्त कर लिए गए थे। हालाँकि, इस बार रातों-रात इस काम को अंजाम दे दिया गया।
मामला दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना इलाके के वार्ड नंबर चार का है। यहाँ के नीम पोखर इलाके में भूमाफिया ने एक तालाब को गायब कर दिया। उसने तालाब में मिट्टी भरवा दी और अपना कब्जा दिखाने के लिए तालाब के ऊपर एक झोपड़ी भी बना लिया। इस बात की सूचना स्थानीय लोगों ने एसडीपीओ को दी, तब जाकर प्रशासनिक अमले की आँख खुली।